विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर दी उपचार की जानकारी

रुद्रप्रयाग। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद के विद्यालयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय इंटर कॉलेज परकंडी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने मानसिक समस्याओं को सामाजिक कलंक के बजाय स्वास्थ्य संबंधी समस्या समझने और समय पर विशेषज्ञ की मदद लेने की अपील की।
डॉ. शालिनी बुटोला ने मानसिक स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी दी, जबकि अधिवक्ता यशोदा खत्री ने विद्यार्थियों को कानूनी पहलुओं से अवगत कराया। पोस्टर प्रतियोगिता में साक्षी प्रथम, जान्हवी द्वितीय और कोमल तृतीय रहीं। जनपद के विभिन्न विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
