केदारनाथ यात्रा मार्ग का डीजी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के महानिदेशक विनय कुमार राजावत ने केदारनाथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को लंबित सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से पूरा करने तथा यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महानिदेशक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-07 और राष्ट्रीय राजमार्ग-107 को जोड़ने वाली 900 मीटर लंबी सुरंग की एप्रोच सड़क और 200 मीटर लंबे पुल से संबंधित सुरक्षा रिपोर्ट तत्काल तैयार करने को कहा। उन्होंने परियोजनाओं के लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने और जोखिम भरे मोड़ों पर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों पर बारिश थमते ही पैचवर्क पूरा करने पर भी जोर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने बताया कि एनएच-107 पर 25 स्लाइड और सिंकिंग जोन के उपचार कार्य स्वीकृत हैं। इनमें से 11 स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 14 पर कार्य जारी है। यात्रा मार्ग पर लगभग 60 किलोमीटर क्षेत्र में क्रैश बैरियर लगाए जा चुके हैं। महानिदेशक ने शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
