विद्यार्थियों को दी विधिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी

पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर मंगलवार को श्री गुरु रामराय स्कूल पौड़ी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला परिवीक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने शिक्षा के अधिकार, मौलिक अधिकार-कर्तव्य और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बाल अधिकार, संरक्षण, नशे के दुष्प्रभाव और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने हिंसा या शोषण की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायता लेने की जानकारी दी।
