विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट का डाटाबेस 15 नवंबर तक तैयार करने को कहा। मतदान केंद्रों के लिए चिह्नित विद्यालयों का 15 दिनों के भीतर निरीक्षण कर भवनों और मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच, कार्मिकों के प्रशिक्षण, परिवहन व्यवस्था और क्रिटिकल बूथों के चिह्नीकरण पर जोर दिया। कम मतदान वाले क्षेत्रों में स्वीप के तहत जागरूकता अभियान चलाने और संभावित मतदान बहिष्कार से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान करने को कहा। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा दलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
