चार घंटे से कम समय में पुलिस ने बरामद किया नकदी और आभूषणों से भरा बैग

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से 1.90 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषणों और अन्य कीमती सामान से भरा बैग चार घंटे से कम समय में बरामद कर उसके स्वामी को सौंप दिया। सामान वापस मिलने पर पंकज ने पुलिस का आभार जताया।
15 अक्टूबर को पत्रकार कुलदीप आजाद ने कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान को सूचना दी कि चंडीगढ़ निवासी पंकज का बैग बस की डिग्गी से गायब हो गया है। सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम की सीसीटीवी टीम ने बस के मार्ग की फुटेज खंगाली। जांच में बैग जवाड़ी बाईपास पर सड़क किनारे छूटा हुआ मिला। सीसीटीवी प्रभारी सुनील नौटियाल और मुख्य आरक्षी पंकज सिंह ने फुटेज के आधार पर बैग की लोकेशन चिह्नित की। इसके बाद भगवती प्रसाद और पीआरडी जवान सुमित को मौके पर भेजा गया। टीम ने बैग सुरक्षित बरामद कर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाया। जांच में नकदी और आभूषण सहित पूरा सामान सुरक्षित मिला। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पंकज भावुक हो गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय की सराहना की जा रही है।
