ऑपरेशन प्रहार के तहत 4.09 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

टिहरी। टिहरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत थत्यूड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 4.09 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.22 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में 14 अक्टूबर को की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्षित (25) पुत्र रोशन लाल शाह, निवासी बड़ेथी चुंगी, मातली, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना थत्यूड़ में मुकदमा दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी मुकेश सिलोड़ी और कांस्टेबल नरेश तोमर व बृजमोहन शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी की सूचना देकर नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की।
