देवप्रयाग में वैगनआर खाई में गिरी, चालक सहित दो की मौत, तीन घायल


टिहरी। देवप्रयाग के समीप ग्राम पाली में गुरुवार सुबह चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 5ः40 बजे रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास हुई।
सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने खाई में गिरे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी पहुंचाया। मृतकों के शवों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, कार संख्या एचआर-68 सी-1242 में चालक सहित पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, चमोली और 33 वर्षीय अनिल सिंह पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली पारतोली, चमोली के रूप में हुई है। अनिल सिंह कार चला रहे थे। घायलों में 33 वर्षीय उत्तम सिंह पुत्र मोहन सिंह, निवासी लाडोली, रुद्रप्रयाग, 18 वर्षीय टीशा रावत पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत और 45 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी बीना, रुद्रप्रयाग शामिल हैं। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी बागी में भर्ती कराया गया। दुर्घटना देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर हुई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!