वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला खेल विभाग ने स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रप्रयाग में अनुसूचित जाति के अंडर-18 बालकों की जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें जनपद की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। मुकाबलों में सौंराखाल, भणज, टैंठी और तिलवाड़ा की टीमों ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। समापन पर जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह रौथाण, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राधिका, आलोक नेगी, प्रशिक्षक प्रकाश जगवाण सहित खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
