उपचार के दौरान युवती की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग

विकासनगर। धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवती की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी धर्मावाला में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मेहूंवाला खालसा, पोस्ट अंबाड़ी निवासी सुल्तान सिंह चौहान की भतीजी तनीषा चौहान के पैर में परेशानी थी। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने पैर में पस होने की बात कहते हुए ऑपरेशन की सलाह दी थी। इसके बाद युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को तनीषा को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। आरोप है कि बेहोशी के लिए इंजेक्शन दिए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान कथित लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। सुल्तान सिंह चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में ऑपरेशन से पहले की गई चिकित्सकीय जांच, बेहोशी के लिए दिए गए इंजेक्शन और उपचार प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित डॉक्टर की भूमिका की पड़ताल कर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। फिलहाल, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों और उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना भी बाकी है।
