शक्ति नहर किनारे कूड़े के ढेर, चेतावनी बोर्ड के बावजूद लापरवाही जारी

विकासनगर। ढालीपुर क्षेत्र में जल विद्युत निगम की शक्ति नहर और भीमावाला सर्विस रोड के किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं। विभाग की ओर से कूड़ा डालने पर प्रतिबंध संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग खुले में घरेलू कचरा, प्लास्टिक और गंदगी फेंक रहे हैं।
नहर में कचरा मिलने से पानी दूषित होने की आशंका है, जबकि दुर्गंध और गंदगी से राहगीरों व स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से घर-घर कूड़ा संग्रहण और निर्धारित डंपिंग जोन में निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने निगम और पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई कराने तथा कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ चालान सहित सख्त कार्रवाई की मांग की है।
