राष्ट्रीय नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उसी के अनुरूप पार्टी लड़ेगी चुनाव: अब्दुल मतीन

देहरादून। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पहली बार परेड ग्राउंड स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा और फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह जताया।
सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर जुझारू और संघर्षशील पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। इंडिया गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उसी के अनुरूप रणनीति बनाई जाएगी। गठबंधन होने पर पार्टी अपने हिस्से में आने वाली सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सहयोगी दलों की सीटों पर भी समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन नहीं होने की स्थिति में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। इस अवसर पर अतुल शर्मा, हुसैन अहमद, फुरकान अहमद, हेमा बोरा, संदीप नेगी, नदीम अंसारी, मशकूर कुरैशी, आरिफ हुसैन वारसी, लियाकत अब्बासी, आजाद चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
