चकराता तहसील में 4.55 लाख रुपये के गबन का आरोप, कनिष्ठ लिपिक पर मुकदमा दर्ज
विकासनगर। तहसील चकराता में सरकारी धन के कथित गबन का मामला सामने आया है। उप निबंधक एवं तहसीलदार सुशीला कौठियाल की तहरीर पर पुलिस ने कनिष्ठ लिपिक कार्तिक चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि तहसील में तैनात कनिष्ठ लिपिक कार्तिक चौहान ने 4,55,164 रुपये के सरकारी राजस्व का गबन किया। आरोप है कि एकत्रित धनराशि को नियमानुसार संबंधित सरकारी लेखा शीर्षक में जमा नहीं कराया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली चकराता में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) में मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों और सरकारी अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
