किसानों की मांगों पर भाकियू पटेल का अल्टीमेटम, धरने की चेतावनी

लक्सर। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (पटेल) ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी कीरत सिंह ने कहा कि लक्सर ट्रक यूनियन में होने वाली बैठक में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। कीरत सिंह ने आरोप लगाया कि गन्ना विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी किसानों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान चंद्रपाल सिंह, तेलूराम पुंडीर, बिजेंद्र सिंह, धीर सिंह, पवन सिंह, शोभाराम, वरुण, कपिल और विकास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
