टिहरी में डीएम ने दिए कूड़ा निस्तारण व्यवस्था सुधारने के निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक कर कूड़ा उठान, पृथक्करण और निस्तारण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कूड़ा उठाने वाले वाहनों की नियमित निगरानी और संग्रहण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिला पंचायत के अंतर्गत संचालित कॉम्पैक्टर शेड की कार्यक्षमता बढ़ाने और कूड़ा निस्तारण संयंत्रों के उन्नयन के प्रस्तावों की समीक्षा की। बैठक में चंबा के भाटूसैंण, भिलंगना के मयकोट, जाखणीधार के जलवागांव, प्रतापनगर के रमोल गांव, नरेंद्रनगर के शिवपुरी और जौनपुर के रौंतू की बेली सहित विभिन्न स्थानों पर संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित उठान, उचित पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण से जनपद की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
