सीडीओ ने की औद्योगिक समस्याओं और निवेश प्रस्तावों की समीक्षा

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, निवेश प्रस्तावों, लंबित अनुमतियों और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कोटद्वार के सिताबपुर औद्योगिक आस्थान में रिक्त भूखंडों के आवंटन, नई औद्योगिक गतिविधियों और जल निकासी व्यवस्था पर चर्चा हुई। सीडीओ ने नालियों की मरम्मत और निर्माण के कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। सिगड्डी सिडकुल ग्रोथ सेंटर में सड़क मरम्मत, प्रवेश द्वार और नाम पट्टिका सुधार के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। बैठक में खनन, फार्मास्यूटिकल, सोलर प्लांट, होटल, होमस्टे और अस्पताल सहित विभिन्न क्षेत्रों के निवेश प्रस्तावों तथा लंबित विभागीय अनुमतियों पर चर्चा हुई। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बायर-सेलर मीट और निर्यात कैटलॉग तैयार करने की योजना भी रखी गई। सीडीओ ने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं व महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
