थलीसैंण के दीवान सिंह कुक्कुट पालन से कमा रहे 70 हजार रुपये प्रतिमाह

पौड़ी। पौड़ी जिले के थलीसैंण विकासखंड के ग्राम बंगाली निवासी 31 वर्षीय दीवान सिंह कुक्कुट पालन के माध्यम से प्रतिमाह करीब 70 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। वर्ष 2020 से इस व्यवसाय से जुड़े दीवान सिंह अब अपनी इकाई का विस्तार कर रहे हैं।
पशुपालन विभाग की कुक्कुट पालन योजना के तहत उनकी 5 हजार पैरेंट स्टॉक इकाई स्थापित करने के लिए शासन से 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे उनके व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित करने में मदद मिलेगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पात्र पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कुक्कुट पालन ग्रामीण युवाओं की आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने का प्रभावी माध्यम है। दीवान सिंह की सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार स्थापित किया जा सकता है।
