ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन सर्किट से जोड़ेंगे: डॉ. धन सिंह

पौड़ी। पौड़ी जिले के पौराणिक धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क संपर्क सुधारने, झील के सौंदर्यीकरण, विश्राम गृह और ध्यान केंद्र के निर्माण सहित श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन सर्किट से जोड़कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां मां तारा के भव्य मंदिर और प्रतिमा का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। डॉ. रावत ने बताया कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी देवी मंदिर देवलगढ़, कमलेश्वर महादेव मंदिर और मां धारी देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की पहल होगी। इससे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पहचान मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
