किशोर-किशोरियों को दी पॉक्सो एक्ट और हेल्पलाइन की जानकारी

पौड़ी। मिशन शक्ति के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज धुमाकोट में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला प्रशासन और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
कार्यशाला में पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को हिंसा एवं उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दर्शन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
