सड़कों को गड्ढामुक्त करने में देरी पर गढ़वाल आयुक्त सख्त, 16 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
वोिकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। निर्धारित समयसीमा तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य पूरा नहीं होने पर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने नाराजगी जताई। गुरुवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को शेष कार्य 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण मरम्मत और डामरीकरण के लिए अनुकूल तापमान नहीं मिलने से काम प्रभावित हुआ। इसके बावजूद करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर मरम्मत का काम तेजी से जारी है। आयुक्त ने सभी निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीनस्थ मार्गों की स्थिति की निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और शेष सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल, ग्रामीण निर्माण विभाग और सीमा सड़क संगठन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!