मोहकमपुर-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड प्रकरण: 24 अक्टूबर को प्रशासन के समक्ष पक्ष रखेंगे प्रभावित और एनएचएआई

देहरादून। मोहकमपुर-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। गुरुवार को नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी के नेतृत्व में प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने विधानसभा के बाहर धरना दे रहे प्रभावितों एवं संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों से वार्ता की।
वार्ता के दौरान प्रभावितों ने अपनी मांगें और समस्याएं रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों तथा एनएचएआई प्रतिनिधियों ने संबंधित मुद्दों को गंभीरता से सुना और विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि 24 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में दोनों पक्षों की बैठक होगी। इसमें मोहकमपुरदृआशारोड़ी एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति के पदाधिकारी, प्रभावित और एनएचएआई के प्रतिनिधि अपना पक्ष रखेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य संवाद के माध्यम से समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करना है। वार्ता में तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरव सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
