त्योहारी सीजन और वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर एसएसपी सख्त, दिए निर्देश
वोिकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। नवरात्र, धनतेरस, दीपावली और आगामी राजकीय कार्यक्रमों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। 14 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय सभागार में देर रात तक चली समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा चिन्हित चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। संदिग्धों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। व्यस्त मार्गों और चौराहों पर पीक आवर्स के दौरान अधिकारियों को स्वयं मौजूद रहकर यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मुख्य बाजारों, सड़कों और फुटपाथों पर अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा, ताकि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। अग्निशमन विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ज्वैलरी शॉप, सर्राफा बाजार, बैंक, एटीएम और वित्तीय संस्थानों में चेकिंग व गश्त बढ़ाने को कहा गया। सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था जांचने के साथ ही पलटन बाजार सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राज्य स्थापना दिवस और अन्य वीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए संदिग्धों के सत्यापन तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। एसएसपी ने लंबित आपराधिक घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, जमानत पर चल रहे आरोपियों का नियमित भौतिक सत्यापन करने और सीसीटीएनएस पोर्टलों पर सूचनाएं समय से अद्यतन करने के निर्देश भी दिए। साइबर शिकायतों के निस्तारण में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने मामलों का शीघ्र विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!