समिति और छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच हुआ संवाद

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में छात्र सलाहकार समिति और नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच संवादात्मक बैठक आयोजित हुई। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो. एमएम सेमवाल ने छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार प्रतिनिधित्व पर जोर दिया। बैठक में विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं और विश्वविद्यालय की सुविधाओं पर चर्चा हुई। छात्र प्रतिनिधियों ने बेहतर प्लेसमेंट, स्वास्थ्य बीमा, शोधार्थियों के लिए परिवहन, स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला उपकरण, स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक और पुस्तकालय में नई पुस्तकों की उपलब्धता जैसे मुद्दे उठाए। छात्रावासों में सुविधाओं, कौशल विकास, यूपीएससी मार्गदर्शन और समान अवसरों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
