समाजवादी पार्टी ने मनाया 34वां स्थापना दिवस, 2027 में सरकार बनाने का संकल्प


हरिद्वार। जिला कार्यालय हरिद्वार में रविवार को समाजवादी पार्टी का 34वां स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के संयोजक युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने संघर्ष और मेहनत के आधार पर समाजवादी पार्टी को मजबूत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते शोषित, गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गों की आवाज को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने शहीदों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की।
आशीष यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव की कार्यशैली और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पीडीए वर्ग को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि 1970 के दशक में समाजवादी विचारधारा भटकाव की स्थिति में थी, लेकिन मुलायम सिंह यादव के योगदान से इसे मजबूती मिली। उन्होंने समाजवादी पार्टी का गठन कर उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत किया और एक झंडा, एक विचारधारा का संदेश दिया। कार्यक्रम में कामेश्वर सिंह यादव, दीक्षांत शर्मा, आदेश उपाध्याय, शिबू कश्यप, सोनू सिंह, राजेश कुमार, रईस अहमद, आस्तिक यादव, दिलशाद अहमद, कयूम अंसारी, अंकित यादव, निलेश चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!