अंडर-15 में दिव्यांश प्रथम और ध्रुव ने प्राप्त किया दूसरा स्थान

हरिद्वार। देहरादून में आयोजित 43वीं सीकेए चेस प्रतियोगिता 2026 में हरिद्वार के युवा शतरंज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता की ओपन कैटेगरी में हरिद्वार के ध्रुव विश्नोई ने 5 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के बीच हुई इस स्पर्धा में ध्रुव ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। आधिकारिक चेस-रिजल्ट में भी उन्हें दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया है।
वहीं अंडर-15 कैटेगरी में हरिद्वार के दिव्यांश सिंह तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से हरिद्वार के शतरंज प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। उत्कर्ष स्पोर्टस फेडरेशन की ओर से हरिद्वार के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी शतरंज के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। संस्था द्वारा खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ नियमित टूर्नामेंट एक्सपोजर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
