श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

श्रीनगर गढ़वाल। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर वीसीएसजी राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के मनोरोग विभाग की ओर से एचएनबी बेस चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मानसिक रोगों से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने और समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने के महत्व पर जोर दिया गया।
सहायक प्रोफेसर डॉ. श्वेता कृष्णा ने कहा कि सामाजिक संकोच और पूर्वाग्रह लोगों को उपचार लेने से रोकते हैं। डॉ. पार्थ दत्ता ने चिकित्सकों को मानसिक समस्याओं की पहचान कर जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ के पास भेजने की सलाह दी। विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित सैनी ने वैज्ञानिक उपचार और सही निदान की आवश्यकता बताई। संवादात्मक परिचर्चा में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और मेडिकल विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
