90 किलो गांजा तस्करी मामले में आठ आरोपियों पर कार्रवाई, एक गिरफ्तार

पौड़ी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में आठ आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी आत्मप्रकाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को कोतवाली लैंसडाउन पुलिस और सीआईयू की टीम ने चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। मामले में सप्लायरों और मुख्य तस्करों सहित सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान आत्मप्रकाश को 28 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संगठित गिरोह के रूप में गतिविधियों से जुड़े तथ्यों के आधार पर गैंगचार्ट तैयार किया, जिसे 7 सितंबर 2026 को अनुमोदन मिला। इसके बाद गैंग लीडर लव कुमार सहित आठ आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी आत्मप्रकाश पुत्र सुरेश कुमार, निवासी सब्जी मंडी, कांठ रोड, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), उम्र 40 वर्ष को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में रिखणीखाल थानाध्यक्ष निरीक्षक मोहम्मद अकरम अंसारी, अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।
