शिक्षा विभाग में 32 प्रधानाध्यापक पदोन्नत होकर बने प्रधानाचार्य

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे 32 प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापिकाओं को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति दी गई है। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन ने आदेश जारी कर सभी को विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में तैनाती दे दी है।
विद्यालयी शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, देहरादून में 12, हरिद्वार में पांच, नैनीताल में चार तथा उत्तरकाशी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में तीन-तीन प्रधानाचार्यों को तैनाती मिली है। वहीं टिहरी और चमोली में एक-एक प्रधानाचार्य तैनात किए गए हैं। शासन ने सभी पदोन्नत प्रधानाचार्यों को नवीन तैनाती स्थल पर 15 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यभार संभालने के बाद अनुपालन आख्या शासन को भेजनी होगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी। स्थायी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति से राजकीय इंटर कॉलेजों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर होने और विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
