रैंतोली में 5.64 करोड़ की लागत से बने एसबीआई आरसेटी भवन का लोकार्पण


रुद्रप्रयाग। रैंतोली में बुधवार को ग्राम्य विकास एवं लघु-सूक्ष्म उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने 5.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) भवन का लोकार्पण किया। ग्रामीण निर्माण विभाग ने भवन का निर्माण किया है।
मंत्री ने कहा कि संस्थान ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भवन में आधुनिक कंप्यूटर लैब, कार्यशाला, प्रशिक्षण कक्ष, दो डॉरमेट्री हॉल और रसोई जैसी सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के पूर्ण होने से पर्यटन एवं सेवा क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। ऐसे में युवाओं को अभी से प्रशिक्षित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में बेकरी, मशरूम उत्पादन, ट्रैक सूट निर्माण, पोल्ट्री, ब्यूटी पार्लर और डेयरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित करने वाले उद्यमियों तथा स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंककर्मी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!