पाबौ क्षेत्र में 16.18 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के अंतिम दिन पाबौ मंडल के सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में 16.18 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें करीब सात किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग भी शामिल है।
उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23.80 लाख रुपये के अतिरिक्त कक्ष और नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इस सड़क पर 9.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया। इसके अलावा बुरांसी मुख्य मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर तक 8.21 लाख रुपये के इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण तथा पातुल्या पौराणिक मंदिर और प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्यों की शुरुआत की गई। मंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास से ग्रामीण सुविधाएं मजबूत होंगी। इस दौरान महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
