मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए दी 70 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पुल, धार्मिक स्थलों, पुलिस भवनों और भूस्खलन उपचार सहित विकास कार्यों के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों से आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर के किच्छा में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों के सुधार के लिए 19.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गदरपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 2.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग, आंतरिक सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चम्पावत में मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, गंगोलीहाट के पोखरी-चण्डिकाघाट मोटर मार्ग के पुनरीक्षित आगणन के लिए 5.38 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
हरिद्वार में रावासन नदी पर 250 मीटर लंबे पैदल यात्री स्टील ट्रस पुल के निर्माण के लिए 9.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टिहरी के नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 9.71 करोड़ रुपये तथा अल्मोड़ा के सल्ट थाने में आवासीय भवन निर्माण के लिए 3.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उत्तरकाशी के मोरी-नैटवाड़-जखोल मोटर मार्ग पर भूस्खलन उपचार के लिए 5.35 करोड़ रुपये और दो अन्य भूस्खलन उपचार कार्यों के लिए 14.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
