सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
हरिद्वार। खेल महाकुम्भ 2026-27 के तहत आयोजित सांसद (लोकसभा) चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तीसरे दिन एथलेटिक्स और रस्साकसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हरिद्वार संसदीय क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं से पहुंचे खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रदर्शन किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग की भाला फेंक प्रतियोगिता में ऋषिकेश की नेहा रानी ने प्रथम, डोईवाला की हिमानी ने द्वितीय और पिरान कलियर की अक्शा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में ज्वालापुर की प्रियांशी प्रथम और डोईवाला की सृष्टि खत्री द्वितीय रहीं। चक्का फेंक में सृष्टि खत्री ने प्रथम और प्रियांशी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक रस्साकसी में डोईवाला विधानसभा टीम प्रथम, ऋषिकेश द्वितीय और पिरान कलियर तृतीय रही। बालिका वर्ग में डोईवाला प्रथम तथा ऋषिकेश द्वितीय रहा। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी, मुकेश कुमार भट्ट, पूनम मिश्रा सहित युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और निर्णायक मौजूद रहे।
