रुद्रप्रयाग के अर्जुन बैंड में ईको वाहन खाई में गिरा तीन की मौत पांच घायल

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप 22 नवंबर 2026 को एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त ईको वाहन का नंबर यूके-13-टीए-4410 है। जानकारी के अनुसार वाहन शादी समारोह में शामिल होकर कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अपराह्न करीब एक बजे अर्जुन बैंड के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सतपाल सिंह पुत्र सुंदर सिंह निवासी ग्राम कुनियाली को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया जा रहा था। वहीं सामान्य रूप से घायल शिवानी पुत्री शूरवीर सिंह निवासी ग्राम कुरछोला तहसील जखोली उम्र 15 वर्ष और दिव्यांशी पुत्री राकेश सिंह रावत निवासी ग्राम कुरछोला तहसील जखोली उम्र 13 वर्ष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इसके अलावा अंजलि निवासी जखोली बड़मा उम्र 26 वर्ष और सुमीता पत्नी सतपाल निवासी कुनियाली भी घायल हुई हैं। दुर्घटना में जान गंवाने वालों में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू पुत्र स्वर्गीय फते सिंह निवासी ग्राम कुरछोला तहसील जखोली उम्र 41 वर्ष शामिल हैं। उनके साथ बसंती देवी पत्नी कार्तिक निवासी ग्राम तैला उम्र 52 वर्ष और सुनीता देवी पत्नी भरत सिंह निवासी ग्राम तैला उम्र 35 वर्ष की भी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और प्रभावित लोगों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!