टिहरी में सेब की बागवानी से आत्मनिर्भर बने राजेश सजवाण युवाओं को दिखा रहे स्वरोजगार की राह

 
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया पट्टी लालूर निवासी राजेश सजवाण ने पलायन की राह छोड़कर सेब की बागवानी को अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। कभी रोजगार की तलाश में उन्हें गांव छोड़कर दूसरे शहर जाना पड़ा था जहां वह होटल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इसी दौरान उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के सहयोग से उन्हें गांव में ही स्वरोजगार का अवसर मिला। एप्पल मिशन योजना का लाभ लेकर वह शहर की नौकरी छोड़कर गांव लौटे और सेब की बागवानी शुरू की। राजेश सजवाण बताते हैं कि वर्ष 2021-22 में उन्होंने एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस प्रकार उन्होंने कुल 1000 सेब के पौधों से बागवानी की शुरुआत की। योजना के तहत सरकार की ओर से 80 प्रतिशत अनुदान दिया गया जबकि 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं खर्च की। शुरुआत में क्षेत्र के लोग यहां सेब की बागवानी की सफलता को लेकर आशंकित थे लेकिन राजेश ने मेहनत और लगन से अपना प्रयास जारी रखा। आज उनकी यह पहल क्षेत्र में बदलाव की मिसाल बन गई है। उनकी बागवानी से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। वर्तमान में उनके साथ 8 से 10 लोगों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। इससे स्थानीय लोगों को घर के आसपास आजीविका का साधन उपलब्ध हो रहा है। वहीं राजेश की सालाना आय भी लगभग 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच गई है। राजेश बताते हैं कि पहले गांव और आसपास के खेतों में पानी की भारी किल्लत रहती थी। इसके समाधान के लिए लघु सिंचाई विभाग और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया गया। इससे खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचने लगा। आज जिन खेतों में पानी के अभाव में खेती करना मुश्किल था वहां मटर शिमला मिर्च और टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। इससे किसानों को खेती के नए विकल्प मिले हैं और बारिश पर निर्भरता भी कम हुई है। जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत एमएम-111 एवं एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का रोपण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है। योजना के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राजेश सजवाण की सफलता इसका उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पहाड़ में भी बागवानी को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है। राजेश सजवाण का कहना है कि शुरुआत में लोगों को लगता था कि उनके क्षेत्र में सेब की बागवानी संभव नहीं है लेकिन आज इसके परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने बताया कि सरकार से मिले अनुदान और सिंचाई की सुविधा ने उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका मानना है कि पहाड़ के युवाओं को अपनी जमीन और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर बागवानी एवं कृषि को स्वरोजगार के रूप में अपनाना चाहिए। इससे वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ गांव के अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। नौकरी की तलाश में गांव से दूसरे शहर जाने और फिर बागवानी के जरिए गांव लौटकर स्वरोजगार अपनाने का राजेश सजवाण का सफर उनकी मेहनत और संकल्प की मिसाल है। उनकी इस सफलता में उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उद्यान विभाग के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। किसानों को अनुदान तकनीकी सहयोग और सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों से पहाड़ में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधन विकसित करने के साथ पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!