श्रीनगर का ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला आज से मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक आस्था लोक संस्कृति और गढ़वाल की गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक श्रीनगर का ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 भव्य आयोजन के लिए तैयार है। सोमवार 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आवास विकास स्थित मेला मैदान में सुबह 10 बजे मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले को यादगार बनाने के लिए नगर निगम श्रीनगर की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल एक आयोजन नहीं बल्कि श्रीनगर की आस्था संस्कृति परंपरा और गौरवशाली पहचान का प्रतीक है। इस बार मेले को विशेष रूप से स्थानीय प्रतिभाओं और उत्तराखंडी लोकसंस्कृति को समर्पित करने का प्रयास किया गया है। स्थानीय उत्तराखंडी कलाकारों को विशेष मंच और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि उनकी प्रतिभा को पहचान मिले और गढ़वाल की समृद्ध लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा। नगर निगम का प्रयास है कि स्थानीय कलाकारों के साथ आमजन युवाओं श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी मेले से जुड़ने का अवसर मिले। इसके लिए आयोजन को अधिक आकर्षक और जनभागीदारी वाला बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। मेले को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए नगर निगम ने विशेष क्यूआर कोड भी तैयार किया है। इसे मोबाइल से स्कैन करते ही लोगों को मेले से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और आयोजन स्थल की लोकेशन उपलब्ध हो सकेगी। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मेले तक पहुंचने तथा विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी। महापौर आरती भंडारी ने क्षेत्रवासियों व्यापारियों युवाओं और श्रद्धालुओं से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की सामूहिक विरासत है और इसे सफल एवं यादगार बनाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाने और अपनी लोकसंस्कृति पर गर्व करते हुए मेले की रौनक बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से मेले को भव्य सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने वाला शुभारंभ श्रीनगर के लिए विशेष अवसर होगा। नगर निगम का संकल्प है कि इस बार का मेला धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति प्रतिभा और जनभागीदारी का उत्सव बने। मेले के शुभारंभ के दिन ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आकर्षक आगाज होगा। सोमवार शाम 6 बजे सीतापुर नेत्र चिकित्सालय मैदान में कमलेश्वर महादेव मंदिर के निकट भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगी। भजन संध्या में जागर सहित उत्तराखंड की समृद्ध लोकधार्मिक परंपराओं की झलक देखने और सुनने को मिलेगी। नगर निगम की ओर से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से इस सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!