रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने को किया संयुक्त निरीक्षण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए सोमवार को जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर एवं आसपास ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के ठहराव, यात्रियों की पिक-अप/ड्रॉप व्यवस्था तथा भीड़भाड़ के दौरान यातायात की स्थिति का जायजा लिया।
स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्ग पर वाहनों की अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए होल्डिंग एरिया विकसित करने पर चर्चा की गई। प्रस्तावित व्यवस्था में सीमित संख्या में वाहनों को पिक-अप क्षेत्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहन निर्धारित होल्डिंग एरिया में खड़े होंगे। इससे यातायात सुचारु होने के साथ यात्रियों को सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि 29 सितंबर को ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुझाव लिए जाएंगे। इसके आधार पर होल्डिंग एरिया और पिक-अप/ड्रॉप व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
