राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर आर्मी पब्लिक स्कूल ने रक्तदान के प्रति किया जागरूक


उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / भुवन बिष्ट

रानीखेत। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत द्वारा रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत के डॉक्टर दीपक शर्मा एवं लैब तकनीशियन बसंत लोहनी के मार्ग निर्देशन मे विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य कमलेश जोशी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ रियर एडमिरल प्रदीप जोशी वीएसएम सेवानिवृत्त एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी द्वारा रक्तदान शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन कर किया गया। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व तथा समाज में इसकी आवश्यकता के संबंध में जागरूकता का संदेश दिया गया।
विद्यालय परिवार ने रक्तदान को जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने रक्तदान के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया तथा विभिन्न नारों के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने रक्तदान को मानव सेवा और सामाजिक दायित्व से जोड़ते हुए आमजन को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया।विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को भी रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक हेम पंत, बृजेश जोशी, त्रिभुवन कांडपाल एवं मंसूर अहमद आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!