राजस्व कॉलोनी के निरीक्षण में डीएम ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को रामलीला मैदान स्थित राजस्व विभाग की कॉलोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने लघु मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अनुरक्षण कार्यों का जायजा लेते हुए आवासीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मरम्मत वाले आवासों में विद्युत और पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा कॉलोनी परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों पर रास्ते बनाने और जरूरत वाले स्थानों पर चारदीवारी का कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं का परीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। इस दौरान उन्होंने कॉलोनीवासियों से समस्याएं भी जानीं और प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।
