राजगढ़ी में एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं

उत्तरकाशी। राजकीय इंटर कॉलेज राजगढ़ी में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी ने जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर पुलिसिंग, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान पुलिस की प्रमुख प्राथमिकता है।
एसपी ने युवाओं में बढ़ते नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए लोगों से सहयोग की अपील की। साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल, साइबर बुलिंग आदि से बचाव के उपाय बताए और ठगी होने पर 1930 पर सूचना देने की अपील की। महिला एवं बाल सुरक्षा, गौरा शक्ति, डायल-112 और यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री रामसुन्दर नौटियाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
