चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तरकाशी। मानसून अवधि के बाद श्री यमुनोत्री एवं श्री गंगोत्री धाम की चारधाम यात्रा पुनः सुचारू हो गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने पूर्व में तैनात सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को तत्काल अपने दायित्व संभालने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, पार्किंग, संचार एवं अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी कमी या आपात स्थिति पर संबंधित विभाग से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने और यात्रा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने को कहा गया। डीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रियों के लिए बन रहे 14 सेल्फी व व्यू प्वाइंट
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा को सुगम और यादगार बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जिले में 31.32 लाख रुपये की लागत से 14 आकर्षक सेल्फी एवं व्यू प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं। चिन्यालीसौड़-गंगोत्री और धरासू बैंड-जानकीचट्टी मार्ग पर पुराने यात्री प्रतीक्षालयों का कायाकल्प भी किया जा रहा है। लघु सिंचाई विभाग के अनुसार हीना पार्किंग, मनेरी डैम, डबरानी, सुक्कीटॉप, झाला, हर्षिल, गंगोत्री, यमुनोत्री, लाखामंडल, पुरोला और मोरी सहित विभिन्न स्थानों पर व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट एवं पथ प्रदर्शक स्तंभ बनाए जा रहे हैं। 14 में से 10 कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य इस माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
