प्यार में धोखा देने पर प्रेमिका ने रची थी हत्या की साजिश, पांच लाख की सुपारी देकर बैंककर्मी पर कराई फायरिंग

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रेमिका ने बैंककर्मी को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। घटना को अंजाम देने वाले शूटर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी फरार है।
पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी रोककर सत्यम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। 11 सितंबर को पुलिस को आरोपियों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। चेकिंग के दौरान गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर चाय बागान की पगडंडी पर उन्होंने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान निवासी लक्सर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर फरार हो गया। मौके से तमंचा, दो खोखे और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में अंकित ने बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के माध्यम से उसकी मुलाकात मालिया रहमान से हुई थी। मालिया के कहने पर उसे सत्यम की हत्या के लिए पांच लाख रुपये देने का सौदा हुआ था, जिसमें 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस के अनुसार मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से प्रेम संबंध में थे। सत्यम द्वारा किसी अन्य युवती से सगाई करने और संपर्क तोड़ने से नाराज मालिया ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। फरार अंकुर की तलाश जारी है। घायल अंकित का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर, व0उ0नि0 प्रमोद शाह, उ0नि0 जयवीर सिंह, उ0नि0 बलवीर सिंह, कां0 पंकज, कां0 अरशद, कां0 नितिन, कां0 राजेश पंवार, कां0 चालक बबलू और एसओजी टीम में उ0नि0 संदीप कुमार, उ0नि0 धनीराम पुरोहित, हे0कां0 किरण कुमार, कां0 मनोज सुन्दरियाल, कां0 आशीष राठी आदि शामिल थे।
