पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण और वसूली में तेजी के दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में एक व तीन वर्ष से अधिक पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायेदारों से वसूली तेज करने तथा 50 प्रतिशत से कम वसूली वाले अमीनों का वेतन रोकने को कहा। आपदा की सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षकों को तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए। खातेदारों के अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे, भू-अनुमति पोर्टल और भूलेख संबंधी लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा। तहसील दिवस व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का वास्तविक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन एवं देयकों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। साथ ही होटल-होमस्टे सत्यापन और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम एफआर चौहान समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
