प्रकरणों का मानकों के अनुरूप निस्तारण करने के निर्देश

चमोली। जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण को लेकर बैठक हुई। इसमें विभिन्न तहसीलों से प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निर्धारित मानकों और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों का गहन परीक्षण करने तथा आवश्यकता होने पर तथ्यों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र आवेदकों के प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम विवेक प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
