फायर स्टेशन रतूड़ा का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने फायर स्टेशन रतूड़ा का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर अग्निशमन एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आगामी केदारनाथ यात्रा, बारिश और संभावित आपदाओं के मद्देनजर पर्याप्त जनशक्ति रखने तथा उपकरणों के नियमित अभ्यास के निर्देश दिए। निरीक्षण में अग्निशमन वाहनों और जीवनरक्षक उपकरणों की कार्यशीलता परखी गई, जो दुरुस्त पाए गए। परिसर, कार्यालय, स्टोर और बैरकों की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक मिलीं। उन्होंने बचाव अभियानों में व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग करने को कहा। साथ ही सभी फायर यूनिटों के नियमित निरीक्षण, स्कूली बच्चों व आमजन के लिए अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
