पीड़ित के उपचार के लिए पांच लाख की सहायता स्वीकृत
देवप्रयाग। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डांडा मयाली, पोस्ट भैड़कूट निवासी संदीप कुमार पुत्र चतरू मिस्त्री के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। संदीप कुमार के दोनों गुर्दे खराब होने के कारण उनका उपचार श्री महंत इन्द्रेश हॉस्पिटल देहरादून में चल रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। विधायक के आग्रह पर सहायता स्वीकृत हुई। विधायक ने कहा कि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग से पीड़ित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत मिलेगी।
