पीजी-हॉस्टल और होटलों में सुरक्षा ऑडिट, 12 प्रतिष्ठान स्वामियों पर कार्रवाई

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्लेमेंटटाउन पुलिस ने अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर पीजी, हॉस्टल और होटलों में सुरक्षा ऑडिट एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई और प्रबंधकों व कर्मचारियों को फायर उपकरणों के उपयोग तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे 178 बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन किया। किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने और अन्य अनियमितताओं पर 12 प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए कुल 1.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
