पीएम-सेतु एवं पीएम-एनएपीएस की समीक्षा, अप्रेंटिसशिप बढ़ाने के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रगति पोर्टल के माध्यम से आईटीआई में संचालित पीएम-सेतु एवं पीएम-एनएपीएस योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने युवाओं के प्रशिक्षण, नामांकन, अप्रेंटिसशिप और रोजगार से जोड़ने की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने उद्योगों की मांग के अनुरूप आईटीआई प्रशिक्षण और नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। जिले की बड़ी कंपनियों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अधिक से अधिक अप्रेंटिसशिप अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिला सेवायोजन कार्यालय, उद्योग विभाग और आईटीआई को समन्वय से कार्य करने तथा स्थानीय उद्योगों की मैपिंग कर रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट स्किल कमेटी से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
