ओलावृष्टि से हुए नुकसान का तत्काल आकलन करें अधिकारी: मदन कौशिक


हरिद्वार। प्रदेश में 9 अक्टूबर को हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों सहित जन-धन एवं अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा एवं पुनर्वास विभाग के सचिव से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने को कहा है।
मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जनपदों में संबंधित विभागीय अधिकारी तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण कराएं। सर्वेक्षण में फसलों के साथ पशुधन, आवास और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जाए, ताकि प्रभावितों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। मदन कौशिक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों और अन्य प्रभावित परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और नुकसान का सही आकलन सुनिश्चित करें। सर्वेक्षण प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, जिससे पात्र लोगों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को शासन के निर्धारित मानकों और प्रचलित नियमों के अनुसार मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और वास्तविक प्रभावितों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया। मंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा, ताकि आपदा प्रभावित किसानों और अन्य पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!