कुट्टू आटे के निर्माण, भंडारण और बिक्री में सावधानियों की दी जानकारी

हरिद्वार/रुड़की। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से रुड़की के होटल दीप रेजीडेंसी में व्यापारियों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इसमें व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, थोक विक्रेताओं, डिस्ट्रीब्यूटरों और खुदरा कारोबारियों ने प्रतिभाग किया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर आयोजित बैठक में उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत ने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों और कुट्टू आटे के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू आटे के पैकेट पर आवश्यक जानकारी अंकित करने के नियम बताए। वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लाइसेंस-पंजीकरण, थ्वैब्वै पोर्टल पर लेबल की ऑनलाइन जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की प्रक्रिया समझाई। बैठक का संचालन एफएसएसएआई के ट्रेनिंग एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया। इस दौरान व्यापारी प्रतिनिधियों ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। बैठक में व्यापार मंडलों और रुड़की डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
