महिलाएं घर की रसोई से शुरू कर सकती हैं क्लाउड किचन: डा. ललित नारायण

हरिद्वार। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत हरिद्वार में आयोजित छह दिवसीय क्लाउड किचन उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं से प्रशिक्षण का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना और रीप टीम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन आरसेटी ने किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को कम लागत में घर से खाद्य व्यवसाय शुरू करने और डिजिटल माध्यमों से ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए सक्षम बनाना है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने उद्यमिता के नए अवसर खोले हैं। महिलाएं घर की रसोई से क्लाउड किचन शुरू कर सकती हैं। इसके लिए बड़े रेस्टोरेंट या महंगे प्रतिष्ठान की आवश्यकता नहीं है। जरूरी है कि वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता के साथ ब्रांडिंग, ऑनलाइन मार्केटिंग और बिक्री पर भी ध्यान दें। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को गूगल बिजनेस प्रोफाइल बनाने, गूगल सर्च और मैप्स पर अपने व्यवसाय को सूचीबद्ध करने तथा स्विगी और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण की जानकारी दी गई। इसके अलावा इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप बिजनेस के जरिए प्रचार-प्रसार, ग्राहकों से संपर्क और ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त करने के तरीके सिखाए गए। डॉ. मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद भी योजना की टीम महिलाओं को उद्यम पंजीकरण, आवश्यक खाद्य लाइसेंस और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में सहयोग देगी। इच्छुक महिलाओं को सीसीएल, सीआईएफ और वीओ जैसे माध्यमों से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण संसाधनों तक पहुंच बनाने में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक शिव कुमार, एलडीएम दिनेश कुमार गुप्ता, योजना के प्रतिनिधि और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं मौजूद रहीं।
