नरेंद्रनगर के तीन होटलों में फायर रिस्क ऑडिट, अग्नि सुरक्षा जांची

टिहरी। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के लिए अग्निशमन विभाग ने नरेंद्रनगर के तीन होटलों में फायर रिस्क ऑडिट किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में 12 अक्टूबर को अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने होटल वेस्टर्न, ब्लूम बुटीक और अनुतरा का निरीक्षण किया।
इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की गई। होटल प्रबंधन को निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने, उपकरणों का नियमित रखरखाव करने और कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए। टीम ने कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग लगने पर की जाने वाली प्रारंभिक कार्रवाई की जानकारी भी दी। टिहरी पुलिस ने होटल संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की अपील की।
